हिमाचल में तबाही का मंजर: सराज घाटी में बादल फटने से 466 घर बहे, 14 की मौत, 30 लापता

हिमाचल में तबाही का मंजर: सराज घाटी में बादल फटने से 466 घर बहे, 14 की मौत, 30 लापता

Scene of devastation in Himachal: 466 houses swept away due to cloud reflection in Raj Valley, 14 dead, 30 missing

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की सराज घाटी इस बार मानसून की भारी मार झेल रही है। 30 जून की रात आई आपदा ने यहां का पूरा जनजीवन तहस-नहस कर दिया। बादल फटने और अचानक आई भीषण बाढ़ ने एक ही रात में 466 घरों को जमींदोज कर दिया, जबकि 14 लोगों की जान चली गई और 30 लोग अब भी लापता हैं।

इस त्रासदी ने जिले में कहर बरपा दिया। 92 दुकानें, 457 गोशालाएं, एक हाइड्रो प्रोजेक्ट और 456 पालतू मवेशी भी बाढ़ की भेंट चढ़ गए। 1500 से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं और अस्थायी राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। मंडी जिला की 90% से अधिक सड़कें और संपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिनकी मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

कुथाह गांव और थुनाग बाजार सबसे ज्यादा प्रभावित

सराज विधानसभा के कुथाह गांव में सड़क किनारे बने घर और खेत-खलिहान बाढ़ में बह गए। वहीं थुनाग बाजार की 40-50% दुकानें तबाह हो गईं, जिससे अब इसे दूसरी जगह स्थानांतरित करने को लेकर मंथन शुरू हो गया है। गौरतलब है कि 2023 में भी इसी क्षेत्र में बादल फटने से बड़ा नुकसान हुआ था।

पावर प्रोजेक्ट तबाह, फिर भी जान बचाने में सफल रहे कर्मचारी

सराज क्षेत्र का पटिकरी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट, जिसकी क्षमता 16 मेगावाट थी, पूरी तरह नष्ट हो गया। डैम और पावर हाउस को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के समय 12 कर्मचारी मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष हुए नुकसान के बाद यहां 6 मीटर ऊंची और 150 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार बनाई गई थी, मगर इस बार की बाढ़ इतनी भीषण थी कि पानी दीवार को पार कर गया।

निर्माणाधीन टनल गिरी, पांडवशीला भी प्रभावित

मंडी के बिझनी क्षेत्र में 2 जून को बादल फटने से एक निर्माणाधीन टनल गिर गई, जहां कई मजदूर काम कर रहे थे। सभी समय रहते निकलकर सुरक्षित बच गए। वहीं जंजैहली क्षेत्र के कुथाह गांव में स्थित आस्था का केंद्र ‘पांडवशीला’ भी इस आपदा में क्षतिग्रस्त हो गई है। कभी उंगली से हिलने वाली यह पौराणिक शिला अब मलबे में घिरी है।

करसोग में तीन लोग बहे, एक का मिला शव

करसोग क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है। कई घर तबाह हुए और तीन लोग बाढ़ में बह गए, जिनमें से अब तक एक का शव बरामद हुआ है।

रेस्क्यू में जुटी सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ

पूरे क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें दिन-रात राहत और बचाव कार्यों में लगी हैं। लापता लोगों की तलाश की जा रही है, वहीं प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत शिविरों में भोजन और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की है।


यह आपदा हिमाचल के लिए एक चेतावनी है कि जलवायु परिवर्तन और असंतुलित विकास किस तरह से भविष्य में बड़ी मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। प्रशासन से लेकर आम नागरिकों तक, अब इस पर गंभीर मंथन की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *