शुक्रवार की देर रात सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में आतंकी हमला मुंबई 26/11 आतंकी हमला के तर्ज पर हुआ है।आतंकियों ने हयात होटल में घुसकर फायरिंग की, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई है। कई घायल हुए हैं। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, होटल में सिक्योरिटी फोर्स और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। हमले में मोगादिशु के खुफिया प्रमुख मुहीदीन मोहम्मद घायल हुए हैं।हमले की जिम्मेदारी इस्लामी आतंकवादी समूह अल-शबाब ने ली है।
बता दे कि 26 नवंबर 2008 में भारत के मुंबई में भी ऐसा ही हमला हुआ था। आतंकियों ने ताज होटल में घुसकर फायरिंग और ब्लास्ट किए थे। इस हमले में 9 हमलावरों समेत करीब 180 लोगों की मौत हो गई थी। यहां 10 आतंकी बैग में 10 एके-47, 10 पिस्टल, 80 ग्रेनेड, 2 हजार गोलियां, 24 मैगजीन, 10 मोबाइल फोन, विस्फोटक और टाइमर्स लेकर घुसे थे।
जाने अल-शबाब आतंकी संगठन के बारे में
अल-शबाब एक आतंकी संगठन है। इसका मकसद 2017 में बनी सोमालिया सरकार को जड़ से उखाड़ना है। अल-शबाब का जन्म 2006 में हुआ। ये सऊदी अरब के वहाबी इस्लाम को मानता है। मोगादिशू शहर यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स के कब्जे में था, जो कि शरिया अदालतों का एक संगठन था। इसका मुखिया शरीफ शेख अहमद था। 2006 में इथियोपिया की सेना ने इस संगठन को हरा दिया और अल-शबाब का जन्म हुआ। अल-शबाब यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स की ही एक कट्टरपंथी शाखा है।
अल-शबाब के बड़े हमले
2017 में मोगादिशू शहर में ब्लास्ट हुआ था। इस हमले में 275 लोगों की मौत हो गई थी। अल-शबाब आतंकियों ने 2016 में केन्या के सैन्य शिविर पर हमला किया था। इसमें 180 सैनिकों की मौत हो गई थी। 2015 में केन्या की यूनिवर्सिटी पर आतंकी हमला हुआ था। इस दौरान 148 छात्र मारे गए थे।
