औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में रूचि मसाले बनाने वाली कंपनी के नाम पर नकली माल तैयार करने वाली कंपनी पर शिकायत के बाद बद्दी पुलिस ने छापेमारी की । रूचि मसाले कंपनी बद्दी के संचालक ने एसपी कार्यालय बद्दी में एक शिकायत पत्र दिया था। जिसके आधार पर आज थाना प्रभारी बद्दी ने अपनी टीम के साथ HPSIDC बद्दी के प्लॉट नंबर 170 MMD ग्लोबल फोर्स कंपनी में दबिश दी। चेकिंग के दौरान कंपनी से रूचि मसाले के नाम से तैयार मसाले के पैकिटों के साथ लेबल वाली डिबिया भी बरामद की है। पुलिस ने कॉपी राईट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रूचि मसाले के संचालक राजेश कुमार जिंदल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी कंपनी वर्ष 1992 से रूचि नाम से मसाले तैयार करती है। उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ समय पहले शिकायत मिली कि उनके मसाले में खराबी है। जिसके बाद उनके द्वारा जब जांच की गई तो पाया गया कि उनके कंपनी के नाम से कोई और उद्योग मसाले बना रहा है। जिसमें जांच में पाया गया कि बद्दी की MMD ग्लोबल फोर्स उद्योग द्वारा उनकी कंपनी के नाम पर अपने प्रोडक्ट तैयार किए है और उन्हें बाजार में भी बेच रहे है। वहीँ चंडीगढ़ से इसके डुप्लीकेट वेपर तैयार किये जा रहे है। उन्होंने प्रशासन से कंपनी के संचालक वरूण, चिंतन व अनिल और चंडीगढ में डूप्लीकेट वेपर तैयार करने वाले के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
SHO बद्दी राकेश रॉय ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने MMD ग्लोबल फोर्स में दबिश दी। कंपनी में रूचि मसाले के कुछ सैंपल पुलिस को मिले है। पुलिस ने डुप्लीकेट मटीरियल को सीज कर कॉपी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
