शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिला कांगड़ा के जसवां परागपुर में बीजेपी विधायक की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी धर्मपत्नी के लिए नारेबाजी के दौरान आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर एकत्रित होकर भाजपा विधायक व कार्यकर्ताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जाकर एएसपी को ज्ञापन सौंपा।
शिकायतकर्ता पूर्व जिला महासचिव निशा कटोच ने कहा कि पूर्व मंत्री की मौजूदगी में बीजेपी कार्यकर्ताओं की आपत्तिजनक नारेबाजी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है । उन्होंने कहा कि बीजेपी अनुशासन और मर्यादा की बात करती है, लेकिन उनके अपने ही कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल करते नजर आए।
उन्होंने कहा कि पुलिस को शिकायत पत्र के जरिए मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि महिला का सम्मान करने की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी के खिलाफ जिस तरह की बयानबाजी की है उससे आम महिला का अपमान हुआ है। यदि भाजपा विधायक व कार्यकर्ता सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो कांग्रेस पार्टी हर मोर्चे पर उनका विरोध करेगी।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नरेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व उनकी धर्मपत्नी के खिलाफ जिस तरह की अभद्र टिप्पणियां की गई है उसका कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। और कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि भाजपा विधायक व कार्यकर्ता सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर भाजपा विधायक व कार्यकर्ताओं पर एफ.आई.आर. दर्ज करने के लिए शिकायत पत्र भी सौंपा है।
