नीरज डोगरा /शिमला
प्रदेश में मौसम एक बार फिर अपने कड़े तेवर दिख सकता है। इसके साथ ही सर्द हवाओं से अभी निजात मिलने की संभावना कम ही नजर आ रही है। 29 दिसंबर से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश कर रहा है। जिसके कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में दो दिन तक देखने को मिल सकता है। जिससे दिन के तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।
28 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने कहा कि 29 से प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश कर रहा है। जिसके कारण चंबा, लाहौल स्पीति, किन्नौर, शिमला और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 29 और 30 को बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। 28 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। मैदानी इलाकों में अभी आने वाले दिनों में धुंध बने रहने की संभावना है। 30 दिसंबर के बाद मैदानी इलाकों में धुंध का प्रकोप कम होने के आसार हैं। तापमान की बात की जाए तो केलांग में तापमान -5.1, किन्नौर में शून्य से कम दर्ज किया गया है वहीं मंडी में 0.5 डिग्री तापमान चल रहा है। 2016 के बाद प्रदेश में अभी तक दिसंबर माह में सबसे अधिक ड्राई स्पेल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में दो दिन तक बना रहेगा। उसके बाद एक बार फिर नववर्ष पर पर्यटकों के लिए बर्फबारी होने की आस अधूरी रह सकती है तथा प्रदेश में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
शिमला में भारी संख्या में टूरिस्ट बर्फ और स्नोफॉल देखने के लिए आते हैं। नववर्ष और क्रिसमस के बीच टूरिस्टों काफी तादाद में पहुंचते है। अपनी छुट्टी और बर्फ देखने की चाहत में आने वाले टूरिस्ट स्नोफॉल समय से न होने के कारण मायूस हो सकते हैं ।
