कल रक्षाबंधन का त्यौहार है। भाई बहनो के प्रेम के प्रतीक इस त्यौहार को पुरे देश में काफी हर्षो उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन बहने अपने भाइयों को राखी बांधती है वहीँ भाई भी अपनी बहनों को सुरक्षा का वचन देते है। इसी के साथ एक मामला सामने आया है जहाँ राखी से ठीक पहले कुछ लड़कियों ने सीएम योगी के नाम खून से पत्र लिखा है। साथ ही इस पत्र के माध्यम से लड़कियों की सुरक्षा की बात कह रही है।
दरअसल गाजियाबाद के प्रधानाचार्य के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली वेव सिटी थाना क्षेत्र के एक स्कूल की छात्राओं ने बीते कल यानी सोमवार को सीएम योगी के नाम अपने खून से पत्र लिखा है। इसमें सीएम से आरोपी प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की मांग की गई है। छात्राओं ने लिखा है, बाबा जी हम सब आपकी बेटियां हैं, हमें न्याय दीजिए।
गौरतलब है कि प्रधानाचार्य के खिलाफ वेव सिटी थाने में छेड़छाड़ की रिपोर्ट 21 अगस्त को दर्ज कराई गई थी। लेकिन इस रिपोर्ट पर कोई कार्याही नहीं की गयी।जिसके बाद उनके परिजन स्कूल पहुंचे। प्रधानाचार्य ने उनके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। जिसमें प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया है कि उन्होंने स्कूल में घुसकर उनकी पिटाई की और उनका सिर फोड़ दिया। वहीँ पुलिस ने केस तो दोनों ओर से दर्ज कर लिए, लेकिन छेड़छाड़ के मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं की गयी है। गांव के लोग और छात्राएं प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इसीलिए छात्राओं ने सीएम से गुहार लगाई है कि वह उनको समय दे। वह उनसे मिलना चाहती है और उनसे मिलकर अपने प्रधानाचार्य के खिलाफ बताना चाहती है। उन्होंने चार पन्नों के खत में छात्राओं ने लिखा है कि प्रधानाचार्य रोज किसी न किसी छात्रा को अपने दफ्तर में बुलाकर छेड़खानी करते हैं।
