रक्षा बंधन का पावन पर्व श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है. भाई और बहन के प्रेम का त्योहार हर साल अगस्त महीने में आता है. रक्षाबंधन के अलावा भाई दूज का पर्व भी भाई और बहन के प्रेम का प्रतीक है. इस साल रक्षाबंधन के दिन भद्रा का साया है, ऐसे में बहन अपने भाई को राखी कब बांधेगी? इसको जानना काफी महत्वपूर्ण है.
पंचांग के अनुसार, इस साल सावन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 19 अगस्त दिन सोमवार को 03:04 मिनट से शुरू हो रही है. इस तिथि की समाप्ति 19 अगस्त को ही रात 11:55 मिनट पर हो रही है. ऐसे में उदया तिथि के आाधार पर रक्षाबंधन का त्योहार 19 अगस्त सोमवार को मनाया जाएगा. 19 अगस्त को रक्षाबंधन का मुहूर्त दोपहर में 1 बजकर 30 मिनट से लेकर रात 9 बजकर 8 मिनट तक है. भाइयों को राखी बांधने के लिए 7 घंटे 38 मिनट तक का समय मिलेगा.
रक्षाबंधन का त्योहार भाई और बहन के प्रेम का प्रतीक है. इस दिन बहनें अपने भाई को राखी बांधकर अपनी रक्षा का वचन लेती हैं. बदले में भाई अपनी प्यारी बहना को दक्षिणा और उपहार देते हैं. ज्योतिष के अनुसार, भाई को हमेशा दाहिने हाथ में राखी बांधना चाहिए. बता दें कि, दाहिने हाथ को कर्मों से जोड़ा जाता है. इसलिए इस हाथ में राखी बांधना शुभ माना गया है.
राखी बांधते समय इस मंत्र का करें जाप–
येन बद्धो बलि राजा, दानवेन्द्रो महाबल:। तेन त्वाम् प्रतिबद्धनामि,रक्षे माचल माचल:।। इस मंत्र का अर्थ है कि ‘जो रक्षा धागा परम कृपालु राजा बलि को बांधा गया था, वही पवित्र धागा मैं तुम्हारी कलाई पर बांधती हूं, जो तुम्हें सदा के लिए विपत्तियों से बचाएगा.
