गुड़गांव के बाद अब जयपुर के मोनी लेक अस्पताल में बम की सूचना मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मेल के जरिये हॉस्पिटल में बम प्लांट होने की खबर दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अस्पताल परिसर को घेर लिया है। सुरक्षाकर्मियों ने पूरे इलाके को सील करके व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मेल आईडी को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। सुबह 9 बजे से सर्च ऑपरेशन जारी है और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। अधिकारियों के अनुसार सर्च ऑपरेशन पूरा होने में और 3 घंटे का समय लग सकता है। जिला प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आम जनता से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
पिछले कुछ महीने से देश के अलग-अलग राज्यों से बम की अफवाहें चल रही हैं. सबसे पहले दिल्ली और एनसीआर के कई बड़े स्कूलों में बम होने की अफवाह फैलाई गई थी. इसके बाद मुंबई में बेस्ट की बसों में बम होने का ईमेल सुरक्षा एजेंसियों को भेजा गया था. ऐसी अफवाहें फैलाना कोई नई बात नहीं है लेकिन हाल के समय में इसमें काफी तेजी आई है और हर महीने ही किसी ना किसी राज्य में ऐसे हॉक्स कॉल आते हैं.
