क्रिसमस पर प्रदेश सहित धर्मशाला में पर्यटकों की आमद काफी रही है, ऐसे में पूरी संभावना है कि नववर्ष भी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इसके लिए पर्यटन विभाग भी तैयार है। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान का कहना है कि नववर्ष पर मैक्लोडगंज और धर्मशाला में 95 फीसदी आक्यूपेंसी रहने की संभावना हैं। होटल एसोसिएशंस और एचपीटीडीसी के जो होटल हैं, उनमें 31 दिसंबर को बहुत सारी गतिविधियां रहती हैं। एचपीटीडीसी क्लब हाउस में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। होटल एसोसिएशंस भी अपने स्तर पर पर्यटकों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम कर रही हैं, पर्यटन विभाग का भी उन्हें सहयोग रहेगा।
होटल कारोबारियों की मानें तो इस बार क्रिसमस पर मैक्लोडगंज में पर्यटकों की अच्छी भीड़ देखी गई, इसी तरह की भीड़ न्यू ईयर पर भी जुटेगी तो पर्यटन कारोबार में इजाफा होगा। विनय धीमान ने बताया कि होटल एसोसिएशंस से संबंधित बड़ी पर्यटन इकाईयों में नए साल के प्लान किए गए कार्यक्रमों का प्रचार भी किया जा रहा है और पर्यटकों को आकर्षित किया जा रहा है। कुल मिलाकर कहा जाए तो कोरोना काल के बाद इस बार नववर्ष पर होटल कारोबारियों को पर्यटकों की रिकार्ड आमद की उम्मीद है, क्योंकि नवंबर माह से लेकर दिसंबर के मध्य तक कारोबार बंद रहा था। अब क्रिसमस ने उम्मीद जगाई है और नववर्ष से आस है।
