संसद के मानसून सत्र का आज नौंवां दिन है। राज्यसभा में भी दिल्ली की कोचिंग में 3 छात्रों की मौत के मामले पर चर्चा हुई. बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने इस मामले में आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली सरकार को इससे जुड़ी शिकायत जुलाई में छात्रों द्वारा पहले ही दी गई थी. लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की. इतना ही नहीं सीवर की सफाई नहीं की गई. ऐसे में यह लगता है कि जानबूझकर छात्रों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया गया है.
समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि जो घटना कोचिंग सेंटर में हुई है, वो बहुत दर्दनाक है. प्लानिंग और एनओसी देने की जिम्मेदारी तो अधिकारियों की है. अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है. हम तो यूपी में देख रहे हैं कि जहां अवैध इमारत होती है, वहां बुल्डोजर चलता है. क्या ये सरकार बुल्डोजर चलाएगी या नहीं.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मैंने केरल के उस छात्र के परिजनों से जाकर मुलाकात की है, जिसकी कोचिंग सेंटर हादसे में मौत हुई है. मुझे पता चला है कि यहां पर कई इमारतों को नियमों का पालन किए बिना वहां कोचिंग सेंटर चलाने की अनुमति दी गई है. उन्होंने कहा कि एक पत्रकार ने मुझे दिखाया कि किस तरह के एक बिल्डिंग को एमसीडी की तरफ से कोचिंग सेंटर के लिए हरी झंडी मिली है. इस मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए.
