हिमाचल प्रदेश में मानसून ने कई जगहों पर तभी मचाई हुई है। बारिश के चलते सबसे ज्यादा नुकसान किन्नौर व कुल्लू जिला में हुआ है।
मौसम विभाग के जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के छह जिलों ऊना, हमीरपुर, मंडी बिलासपुर, सोलन व सिरमौर में आंधी के साथ भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
वहीं भारी वर्षा से लाहौल स्पीति व कुल्लू जिला में बाढ़ आने से नुकसान हुआ है। दोनों स्थानों पर 34 घर खाली करवाने पड़े हैं। शिमला शहर के पंथाघाटी में भूस्खलन के कारण गाड़ियां मलबे में दब गईं। शनिवार रात लाहौल स्पीति जिला में मयाड़ नाले में बाढ़ आने से पानी और मलबा करपट गांव में घरों तक पहुंच गया है ।
उदयपुर से प्रशासन की टीम रात 10 बजे मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए टीम खाद्य सामग्री व जरूरी सामान लाई थी। खतरे को भांपते हुए करपट गांव में 30 घर खाली करने पड़े। अधिकतर लोगों ने टेंट में तो कुछ ने दूसरे गांव में शरण ली है।
