ऊना जिला के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में दर्शन करने के लिए आने वाले VIP श्रद्धालुओं के लिए मंदिर न्यास द्वारा नई पारदर्शी व्यवस्था सुगम दर्शन प्रणाली लागू कर दी गई है। व्यवस्था का फायदा मंदिर न्यास को आय बढ़ाने के रूप में होगा और श्रद्धालुओं को इस व्यवस्था में दर्शन करने के लिए अपनी जेब ढीली करनी होगी। इस व्यवस्था के तहत VIP श्रद्धालुओं को 1100 रुपए की पर्ची कटानी होगी। जिसमें 5 श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी भर सकेंगे। इसके अलावा दूसरी कैटेगरी में 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को एक अटेंडेंट के साथ ₹50 देने होंगे। इसके अलावा तीसरी कैटेगरी में दिव्यांगों को एक अटेंडेंट के साथ ₹50 देने होंगे। जबकि चौथी कैटेगरी में मंत्री, विधायकों, सांसदों की VIP के लिए दर्शन करना निशुल्क होगा। इस बात की पुष्टि SDM विवेक महाजन ने की।
उन्होंने बताया कि मंगलवार से यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। अभी इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है। इसके तहत 1 दिन में सिर्फ 500 पास बनाकर VIP दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी। ताकि पंक्ति व्यवस्था प्रभावित ना हो। इसके अलावा उन्होंने कहा कि VIP श्रद्धालुओं को मंदिर न्यास की ओर से बाबा श्री माई दास सदन में बने वेटिंग हॉल में बैठने की व्यवस्था की गई है और वहां से इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के माध्यम से मंदिर की लिफ्ट तक ले जाया जाएगा और वहां लिफ्ट के माध्यम से दर्शन करवाएं जाएंगे।
