Cloudburst wreaks havoc in Seraj: Army also launched rescue operations, 69 dead so far, loss of Rs 700 crore
सराज: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में बादल फटने से मची भारी तबाही के बीच अब राहत एवं बचाव कार्यों में सेना भी सक्रिय हो गई है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ मिलकर सेना की टुकड़ी थुनाग पहुंच गई है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश व प्रभावितों की मदद में जुट गई है। बीते पांच दिनों से देश-दुनिया से कटे सराज के कई क्षेत्रों से अब तक 402 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है।
थुनाग से 65 लोगों का रेस्क्यू, जंजैहली में भी भारी नुकसान
शुक्रवार को बचाव दल ने थुनाग के डेजी गांव से 65 लोगों को सुरक्षित निकाला। जंजैहली क्षेत्र में भी बाढ़ और भूस्खलन से कई मकान ध्वस्त हो चुके हैं। बूंगरैल चौक में 13 मकान पूरी तरह बह गए, जबकि छह गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हैं। थुनाग बाजार मलबे और कीचड़ से डेंजर जोन में तब्दील हो गया है।
ड्रोन और हेलिकॉप्टर से बचाव कार्य तेज
ड्रोन की मदद से लापता लोगों की खोज की जा रही है। शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के जरिये सराज में राहत सामग्री पहुंचाई गई, जिसमें 40 राशन किट, 120 पानी की बोतलें, दवाइयों के दो बॉक्स, 20 तिरपाल और कपड़े शामिल थे।
पंगलियुर से मिली लापता महिला की लाश
स्यांज क्षेत्र के पंगलियुर गांव से लापता महिला पार्वती देवी का शव कांगड़ा के देहरा में बरामद हुआ है। सराज में सोमवार रात बादल फटने की घटना में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है और 54 लोग अब भी लापता हैं।
स्याठी गांव में 27 घर तबाह, कई गांवों पर खतरा
धर्मपुर के स्याठी गांव में 27 मकान पूरी तरह तबाह हो गए हैं, जबकि 11 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पिपली पंचायत के बागला और पोहल गांवों में जमीन धंसने से 20 मकानों पर खतरा मंडरा रहा है।
सरकार ने घोषित किया किराया मुआवजा, मुफ्त राशन भी
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जिन लोगों के मकान आपदा में तबाह हुए हैं, उन्हें सरकार की ओर से ₹5,000 प्रति माह किराया दिया जाएगा। साथ ही राहत सामग्री और मुफ्त राशन भी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से मदद मांगी गई है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
700 करोड़ का अब तक नुकसान, 69 मौतें, 37 लोग लापता
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मानसून सीजन में अभी तक प्रदेश को 700 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। राज्य में अब तक 69 लोगों की मौत, 110 घायल और 37 लोग लापता हैं। मंडी जिले में ही बादल फटने की 14 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
गलत कटिंग और माइनिंग पर जताई चिंता
सीएम सुक्खू ने पहाड़ों की अवैज्ञानिक कटिंग और मलबे की अवैध डंपिंग को आपदा की मुख्य वजह बताया। उन्होंने एनएचएआई को सलाह दी कि ऐसे कार्य स्थानीय ठेकेदारों को दिए जाएं, जिन्हें पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक समझ हो।
अलर्ट पर हिमाचल, बारिश का दौर जारी
मौसम विभाग ने शनिवार को मंडी, कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि रविवार के लिए कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में रेड अलर्ट जारी किया है। आठ जुलाई तक प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
अब तक की आपदा स्थिति एक नजर में:
-
कुल मौतें: 69
-
लापता लोग: 37
-
घायल: 110
-
बचाए गए लोग: 402
-
सड़कें बंद: 280
-
ट्रांसफार्मर बंद: 332
-
जल योजनाएं प्रभावित: 784
-
कुल अनुमानित नुकसान: ₹700 करोड़
सरकार और प्रशासन युद्धस्तर पर राहत कार्यों में जुटे हैं। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह फिर से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और मंत्रिमंडल के सभी सदस्य अपने विभागों के तहत नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
