सराज आपदा: सेना और प्रशासन की जद्दोजहद, 100 से अधिक लोगों का रेस्क्यू, 45 से ज्यादा अब भी लापता

जंजैहली में पहली बार लैंड किया सेना का हेलिकॉप्टर, राहत सामग्री पहुंचाई गई, 63 पर्यटक निकाले गए सुरक्षित

Seraj disaster: Struggle between army and administration, more than 100 people rescued, more than 45 still missing


जंजैहली में पहली बार लैंड किया सेना का हेलिकॉप्टर, राहत सामग्री पहुंचाई गई, 63 पर्यटक निकाले गए सुरक्षित

सराज आपदा: हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले के सराज विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद हालात अब भी बेहद गंभीर बने हुए हैं। बारिश और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, सेना, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।

रविवार सुबह मौसम खुलने के बाद तीन दिन के अंतराल के बाद पहली बार सेना का हेलिकॉप्टर जंजैहली में खनुखली हेलीपैड पर लैंड कर पाया। भारतीय वायुसेना के इस हेलिकॉप्टर ने अपने पहले चक्कर में 90 राशन किट, 75 कंबल, कपड़ों की तीन पेटियां, दो पेटियों में जरूरी दवाएं और अन्य आवश्यक सामग्री जंजैहली पहुंचाई।

होटल में फंसे 63 पर्यटक सुरक्षित निकाले गए

जंजैहली के एक निजी होटल में फंसे 63 पर्यटकों और चालक दल को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें रविवार सुबह करीब 11 बजे करसोग की ओर रवाना कर दिया गया। प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

अब भी 45 से अधिक लोग लापता

आपदा प्रभावित सराज, नाचन और करसोग क्षेत्र में अब भी 45 से अधिक लोग लापता हैं। अब तक सराज में 11 शव बरामद किए जा चुके हैं। प्रभावित इलाकों से 9 गर्भवती महिलाओं को मेडिकल कॉलेज नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचाया गया है, जबकि एक गंभीर स्थिति में पाई गई गर्भवती महिला को IGMC शिमला रेफर किया गया।

सड़कें, बिजली, पानी—हर सेवा पर संकट

वर्तमान में मंडी ज़िले में दो नेशनल हाईवे सहित 202 सड़कें बंद हैं। 236 बिजली ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं और 278 पेयजल योजनाएं ठप हैं। प्रशासन ने शनिवार को थुनाग तक सड़क बहाल कर दी, जिससे राहत टीमें आगे बढ़ सकीं और सर्च ऑपरेशन को तेज़ किया गया। अब तक 100 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है।

स्वास्थ्य विभाग की 24 मोबाइल मेडिकल टीमें

प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की 24 मोबाइल मेडिकल टीमें—जिनमें 10 जंजैहली, 10 थुनाग और 4 बगस्याड़ क्षेत्र में तैनात हैं—लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं और रोग प्रतिरोधक दवाएं उपलब्ध करवा रही हैं। संक्रमण से बचाव के लिए राहत शिविरों में लगातार दवाइयां बांटी जा रही हैं।

अपूर्व देवगन, अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं उपायुक्त मंडी ने बताया, “स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए मेडिकल स्टाफ, दवाइयों और उपकरणों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। सभी ज़रूरी व्यवस्थाएं प्रशासन की प्राथमिकता हैं।”

किशोरी का शव व्यास नदी में बरामद

इसी बीच थाना सुजानपुर क्षेत्र में व्यास नदी से एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ है। शव को आईआरबी बटालियन के जवानों ने ट्यूब के सहारे निकाल कर पुलिस को सौंपा। पहचान के लिए पुलिस ने सभी थानों से सूचना साझा की है।

भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 से 10 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी रहेगा। 13 जुलाई तक कुछ स्थानों पर बारिश का दौर लगातार बना रह सकता है। बीते 24 घंटों में ऊना, बरठीं, श्रीनयना देवी, गोहर सहित कई स्थानों पर 30 से 58 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है।

जल शक्ति विभाग की चुनौतियां

विपरीत परिस्थितियों में जल शक्ति विभाग के कर्मचारी सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लगातार सेवाएं दे रहे हैं। मंडी ज़िले की 278 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं, जिनमें अकेले सुंदरनगर उपमंडल की 267 योजनाएं ठप हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सराज और गोहर क्षेत्र का दौरा कर रोजाना प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, “हमारा प्रयास है कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मुहैया कराया जाए। राहत शिविरों में पेयजल प्राथमिकता है और इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *