जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में शहीद हुए लांस नायक प्रवीण शर्मा की पार्थिव देह सोमवार को राजगढ़ पहुंच गई। इस दौरान राजगढ़ में शहीद प्रवीण कुमार को श्रद्धांजलि देने के लिए जनसैलाब उमड़ गया, बाजार में प्रवीण शर्मा अमर रहे के नारे चारों तरफ गूंजने लगे। राजगढ़ में नम आँखों से लोगों ने शहीद प्रवीण शर्मा की देह को उनके पैतृक गांव पालू के लिए रवाना किया। जहां पर उनका पुरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वहां पर आस -पास के गांव के हजारों लोग मौजूद रहे।
वन पैरा स्पेशल फोर्स में तैनात थे राजगढ़ के प्रवीण —
वन पैरा स्पेशल फोर्स में तैनात प्रवीण शर्मा की उम्र 28 साल थी, वो अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और दो महीने बाद यानी अक्टूबर में उनकी शादी होनी थी, लेकिन उससे पहले ही घर में जवान बेटे की शहादत की खबर ने सबको तोड़कर रख दिया। शहीद प्रवीण अपने पीछे पिता राजेश शर्मा और मां रेखा शर्मा को छोड़कर चले गए।
दो महीने बाद थी प्रवीण की शादी —
प्रवीण दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी जुलाई में सगाई हुई थी और अक्टूबर में शादी तय थी। परिवार जहां बेटे के सिर पर सेहरा सजा देखना चाहता था, लेकिन अब वो आंखें पथराई हुई हैं। परिवार में शादी की तैयारियां भी चल रही थी। लेकिन अब हर तरफ बस सन्नाटा पसरा है।
