हिमाचल में भारी बारिश ने कई ज़िंदगियों को निगल लिया। रामपुर के झाकड़ी क्षेत्र से सटे समेज खड में बादल फटने की घटना 31 जुलाई देर रात होने के कारण 36 लोग लापता हो गए है। जिला प्रशासन ने इन लोगों को रेस्क्यू करने के लिए आज सुबह साढ़े पांच बजे से बचाव कार्य आरंभ कर दिया। उपाुयक्त अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी सुबह की मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उपायुक्त ने सारे बचाव कार्य की निगरानी की और पल-पल रणनीति बनाकर कार्य में तीव्रता लाई।
उपायुक्त ने कहा की करीब 85 किलोमीटर तक के क्षेत्र में बचाव कार्य को किया जाना है। इस बचाव कार्य को लेकर प्रभावित क्षेत्र को छह हिस्सों में बांटा गया है। 36 लोगों के लापता होने की पुष्टि हो पाई है। इनमें से तीन लोग कुल्लू क्षेत्र से संबध रखते है जबकि 33 शिमला क्षेत्र में रह रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ हिस्से की निगरानी एसडीएम कुमारसैन कर रहे है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आर्मी, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन दल को बचाव कार्य टीम में शामिल किया गया है।
पुलिस को प्राथमिक सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल एसडीआरएफ, पुलिस, होम गार्ड अग्निशमन दल की टीम बनाकर मौके के लिए रवाना किया। लेकिन घटना स्थल पर पहुंचना काफी चुनौती भरा था। घटना स्थल तक जाने वाली सड़क दोनों तरफ टूट चुकी थी। ऐसे में बचाव दल दो किलोमीटर पैदल चलकर ही घटना स्थल पर पहुंचा।
