टनल में फंसे विशाल के फोटो-वीडियो आए सामने, परिवार को मिला हौंसला

टनल में फंसे विशाल के फोटो-वीडियो आए सामने

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल का मलबा गिर जाने के कारण उसमें 10 दिनों से फंसे 41 मजदूरों के फोटो और वीडियो सामने आए हैं। यह वीडियो इन मजदूरों तक 6 इंच का पाईप पहुंचाने के बाद उसके माध्यम से भेजे गए कैमरे से प्राप्त हुए हैं। फोटो और वीडियो में सभी मजदूर पूरी तरह से सुरक्षित नजर आ रहे हैं। इसमें मंडी जिला के बल्हघाटी के बंगोट गांव का विशाल भी दिखाई दे रहा है। विशाल भी इस टनल में फंसा हुआ है। वह वहां पर मशीन आप्रेटर का काम करता है।

विशाल के फोटो-वीडियो सामने आने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। घर पर विशाल की मां उर्मिला और दादी सहित अन्य परिजनों को जब उनके मोबाईल पर यह फोटो वीडियो प्राप्त हुए तो सभी चेहरों पर इस बात को लेकर खुशी छा गई कि उनका लाल टनल के अंदर सुरक्षित है। मां उर्मिला और दादी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अपने बेटे को सुरक्षित देखकर उन्हें हौंसला मिला है। इन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि जल्द से जल्द फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

बता दें कि उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल के धंस जाने से उसके अंदर 41 मजदूर फंस गए हैं। इस घटना को आज 10 दिन बीत गए हैं। आज 6 इंच की एक पाइप इन मजदूरों तक पहुंची है जिसके माध्यम से अंदर कैमरा भेजा गया और वहां का दृश्य देखा गया जिसमें सभी लोग सुरक्षित नजर आए हैं। मलबा हटाने के कार्य में काफी ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं और अब टनल के उपर छेद करके फंसे हुए लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *