हिमाचल में मॉनसून बना कहर: अब तक 1247 करोड़ का नुकसान, 135 की मौत

हिमाचल में मॉनसून बना कहर: अब तक 1247 करोड़ का नुकसान, 135 की मौत

Monsoon wreaks havoc in Himachal: Loss of Rs 1247 crore so far, 135 people died

शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस बार मॉनसून सीजन ने भारी तबाही मचाई है। मात्र 33 दिनों में ही राज्य को 1247 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 135 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 34 लोग अब भी लापता हैं।

मंडी जिला सबसे अधिक प्रभावित

मंडी जिला इस आपदा में सबसे अधिक प्रभावित जिलों में से एक रहा है, जहां जान-माल की भारी क्षति हुई है। पूरे प्रदेश में अब तक 224 लोग घायल हुए हैं। वहीं 1194 मकान, 1037 गौशालाएं और 277 दुकानें पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी हैं।

पशुधन और पोल्ट्री में भी भारी नुकसान

प्राकृतिक आपदा ने पशुपालन पर भी गहरा असर डाला है। अब तक 1327 मवेशियों और 21,500 से अधिक पोल्ट्री पक्षियों की मौत हो चुकी है।

सड़क और बिजली-पानी की व्यवस्था चरमराई

प्रदेश में दो नेशनल हाईवे (NH) सहित कुल 383 सड़कें भूस्खलन के कारण अभी भी बंद हैं। मंडी–कोटली एनएच-70 और सिरमौर का एनएच-707 कई स्थानों पर अवरुद्ध है। इसके अलावा 263 ट्रांसफार्मर और 220 पेयजल परियोजनाएं भी काम नहीं कर रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।


कैसा रहेगा हिमाचल का आने वाला मौसम?

मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी सप्ताह के लिए वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है:

  • 23, 26 और 29 जुलाई: राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

  • 24 और 25 जुलाई: कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

  • 27 और 28 जुलाई: अधिकांश इलाकों में अच्छी वर्षा के आसार हैं।

  • 23, 27, 28 और 29 जुलाई: कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

  • आने वाले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में हल्की वर्षा दर्ज की गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *