प्रदेश में धीमा पड़ा मॉनसून, लेकिन कुछेक क्षेत्रो में इस दिन से फिर होगी बारिश

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की रफ़्तार अब धीमी पड़ गयी है। वहीँ मॉनसून की रफ़्तार कम पड़ने से प्रदेश में पारा चढ़ने लगा है। अगर पिछले 7 दिनों की बात करे, तो नॉर्मल से 71 प्रतिशत कम बारिश और सितंबर के पहले 5 दिन में 61 फीसदी कम बारिश हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 7 दिनों में कुछेक क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। लेकिन इसके लिए कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में भीषण तबाही के बाद मॉनसून की रफ़्तार कम हुई तो प्रदेशवासियों ने राहत की सांस ली है। इससे पहाड़ों पर जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है।

राज्य में मानसून सीजन के दौरान इस बार हैवी रेनफॉल हुआ है। प्रदेश में एक जून से 5 सितंबर के बीच नॉर्मल से 29 प्रतिशत ज्यादा बरसात हुई है। सोलन जिले में नॉर्मल से 90 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। अमूमन इस अवधि में जिले में 762.2MM बारिश होती है,लेकिन इस बार 1450.7MM बारिश हुई है।

प्रदेश में भारी बारिश, लैंडस्लाइड और जमीन धंसने के कारण 149 सड़कें अभी भी बंद पड़ी है। सड़कें बंद होने से अभी भी 350 से ज्यादा रूटों पर बस से‌वाएं शुरू नहीं हो पाई। जिससे लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो रही है। वहीँ प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान 409 लोगों की जान गई है। जबकि 39 लोग लापता है। भारी बारिश, फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड से 12000 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति तबाह हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *