2024 लोकसभा चुनाव से पहले यूनिफॉर्म सिविल कोड लेकर छिड़ी बहस के बीच हिमाचल प्रदेश में भी सियासत गर्म हो गई है. जहां एक ओर प्रदेश कांग्रेस सरकार में महत्वपूर्ण महकमे के मंत्री विक्रमादित्य सिंह खुलकर यूसीसी के समर्थन में उतर गए हैं तो, वहीं एक दूसरे कैबिनेट मंत्री चंद्रकुमार इस पर अपनी असहमति दर्ज करा चुके हैं. अब इस मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व में हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष रहे कुलदीप सिंह राठौर की एंट्री हुई है जो इस मामले पर सीधे तौर पर टिप्पणी करने से तो बचते हुए नजर आए लेकिन इशारों में इसे भाजपा की देश में ध्रुवीकरण करने वाली राजनीति बताया.
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने यूनिफॉर्म सिविल कोड पर हो रही राजनीतिक बहस के बीच अपनी टिप्पणी करने से बचते हुए नजर आए. कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि अभी मॉनसून सत्र की घोषणा नहीं हुई है ऐसे में जब पार्टी का पार्लियामेंट्री बोर्ड इस मुद्दे पर अपनी राह तय करेगा तो कुलदीप सिंह राठौर भी उसी का अनुसरण करेंगे. इसके अलावा कुलदीप सिंह राठौड़ ने कहा कि 2024 आम चुनाव से पहले देश में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश की जा रही है और वह इस तरह के किसी भी प्रयास की भर्त्सना करते हैं.
