आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमण्ड खण्ड की कोटी पंचायत के दुर्गम गांव खनी के जितेंद्र सिंह ने HAS परीक्षा उतीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने 14वां रैंक हासिल किया है और तहसीलदार बने हैं। जितेंद्र सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता चंद्रकला और किसान पिता रित्तम सिंह की अथक मेहनत, अपने गांव को दिया है। उन्होंने कहा कि वे एक ऐसे ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं जो काफी पिछड़ा है और गांव से कोई भी व्यक्ति सरकारी नौकरी में नहीं है। लेकिन पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण उन्हें बहुत सी जरूरी जानकारी और चीजें हमेशा देरी से मिलती थी। और वे चाहते थे कि वे ऐसा कुछ करें ताकि गांव के लोगों खासकर बच्चों को कुछ बड़ा और बेहतर करने के लिए प्रेरित कर सकें।
जितेंद्र सिंह की 12वीं तक कि पढ़ाई अरसू के भुवनेश्वरी पब्लिक स्कूल में हुई। जबकि उन्होंने सुंदर नगर के जेएनजीईसी कॉलेज से मेकैनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की। जिसके बाद वे हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विसेज की तैयारियों में जुट गए। शुरू के दो प्रीलिमिनरी एग्जाम में असफल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत न हारते हुए इस बार एचएएस की परीक्षा पास कर दिखाई। वे युवाओं को सन्देश देते हुए कहते हैं कि अपने लक्ष्य को पाने के लिए कड़ी मेहनत करें और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कभी हिम्मत न हारें। जितेंद्र सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य समाज मे सार्थक बदलाव लाना है और वंचितों की सेवा करना है।
