गुजरात के करीब अरब सागर में एक बड़ा हादसा होने की खबर है। यहाँ पर भारतीय तटरक्षक बल के एक हेलीकॉप्टर को पोरबंदर तट के पास अरब सागर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी, जिसके बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान का मलबा मिल गया है। हेलीकॉप्टर में 4 क्रू मेंबर सवार थे, जिसमें से एक चालक दल को बचा लिया गया है और शेष तीन चालक दल की तलाश जारी है। इसके दो पायलट भी लापता हैं।
हेलीकॉप्टर की समुद्र में आपात लैंडिंग की वजह का अभी पता नहीं चल सका है। हेलीकॉप्टर जब मोटर टैंकर के पास पहुंचने ही वाला था, उसी वक्त किन्हीं कारणों से हेलीकॉप्टर को समुद्र में उतारना पड़ा। तटरक्षक बल ने हादसे का शिकार हुए हेलीकॉप्टर के लापता जवानों की खोज के लिए चार जहाज और दो विमानों को बचाव अभियान में लगाया है।
