होम्योपैथिक मेडिकल ने लिए 5 गांव गोद, बदलेगी तस्वीर !

होम्योपैथिक मेडिकल

आज सोलन होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कुमारहट्टी के छात्रों ने कुमारहट्टी एवं कॉलेज के आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र में रह रहे परिवारों को बरसात के मौसम में फैलने वाले रोगों के बारे में जानकारी दी और साथ ही इन बीमारियों से बचाव के लिए अपने आसपास साफ-सफाई रखने के महत्व पर जागरूक किया।

बता दे कि पिछले लंबे समय से कॉलेज के आसपास के क्षेत्र में यहां-वहां कूड़ा करकट फेंकने की घटनाएं सामने आ रही थी। इससे एक ओर जहां समाज में गंदगी फैल रही थी, वहीं दूसरी ओर बीमारियों के फैलने का खतरा भी निरंतर बना रहता था। कॉलेज के छात्रों ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए इस समस्या का समाधान करने की योजना बनाई।

जिसके चलते उन्होंने लोगों को कूड़ा करकट को इधर-उधर फेंकने की बजाय इसका सही जगह पर सही ढंग से निष्पादन करने के लिए जागरूक किया। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी विभाग की अध्यक्ष डॉ सुमि शर्मा की देखरेख में यह अभियान चलाया गया। इस अवसर पर डॉ सुमि ने बताया कि इलाज से परहेज अच्छा होता है। हमारे आसपास के समाज को बीमारियों से बचाना हम सभी का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि आजकल बरसात के मौसम में अनेक प्रकार की संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। इन बीमारियों से बचने के लिए हमें अपने परिवेश को साफ सुथरा रखना जरूरी होता है। वहीँ कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ पवन द्विवेदी ने बताया कि विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर कॉलेज द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। कॉलेज ने आसपास के 5 गांव भी गोद लिए है और वहां पर नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *