शूलिनी मेले का शुभारम्भ, अगले वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होगा

शूलिनी मेले का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार सायं सोलन में राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेले का शुभारम्भ किया। प्रदेशवासियों को मेले की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने माँ शूलिनी मेले को अगले वर्ष से राष्ट्र स्तरीय मेले के रूप में आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां के लोगों की देवी-देवताओं में गहरी आस्था है।

समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं का ध्यान

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस वित्त वर्ष के लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट में समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए इसमें समृद्ध हिमाचल की परिकल्पना की गई है और यह आत्मनिर्भर हिमाचल की झलक भी पेश करता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार अगले चार वर्षों के भीतर राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, हिमाचल प्रदेश परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और दो से तीन वर्ष के भीतर सरकार की कल्याणकारी नीतियां धरातल पर उतरेंगी।

शूलिनी मेले का शुभारम्भ में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना की

मुख्यमंत्री ने शूलिनी माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें नमन किया और राज्य की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। माँ शूलिनी मेले का शुभारम्भ के अवसर पर उन्होंने माँ शूलिनी मंदिर की वेबसाइट भी लॉन्च की और स्मारिका का विमोचन किया। इससे पहले, ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन में 3.15 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सैनिक विश्राम गृह का लोकार्पण किया।

ग्रीष्मकालीन राजधानी रहा शिमला आज भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र

देश की ग्रीष्मकालीन राजधानी रहा शिमला शहर आज भी पर्यटकों को बड़ी संख्या में अपनी ओर आकर्षित करता है। देश-विदेश से हर वर्ष लाखों की संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। इनकी बढ़ती संख्या के अनुरूप शहर में सड़क अधोसंरचना और अन्य सुविधाएं प्रदान करने पर वर्तमान प्रदेश सरकार विशेष ध्यान केन्द्रित कर रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला शहर में सर्कुलर रोड पर वाहनों की भीड़-भाड़ कम करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से 100 करोड़ रुपये की व्यापक योजना तैयार की गई है। इस योजना का उद्देश्य शहर में बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ-साथ पर्यटकों एवं आंगतुकों को आवाजाही की निर्बाध सुविधा प्रदान करना है।

इस योजना के तहत आवंटित धनराशि में से लगभग 77 करोड़ रुपये भूमि एवं निजी ढांचागत निर्माणों इत्यादि के अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे, जबकि 20 करोड़ रुपये का प्रावधान सड़कों के विकास और विस्तारीकरण के लिए किया गया है। इसके अतिरिक्त, मेट्रोपोल से प्रदेश उच्च न्यायालय जंक्शन तक फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *