भारत-श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली सीरीज के लिए हार्दिक होंगे कप्तान
भारत-श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली सीरीज को लेकर अब बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हार्दिक पंड्या श्रीलंका के खिलाफ 27 जुलाई से शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 क्रिकेट सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान होंगे. टीम इंडिया को इस दौरे पर 3 टी20 और इतने ही वनडे मैचों की सीरीज में खेलना है.
आईसीसी टी20 विश्व कप फाइनल में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या आगामी टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. रोहित शर्मा ने भारतीय टीम को टी20 चैंपियन बनाने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी. बीसीसीआई के एक सीनियर सूत्र ने पीटीआई को बताया ,‘‘ हार्दिक पंड्या भारतीय टी20 टीम के उप कप्तान थे. वह पूरी तरह फिट हैं और तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध भी लिहाजा वह कप्तान होंगे.’’
टी20 सीरीज 27 से 30 जुलाई तक पल्लेकेले में खेली जायेगी जबकि वनडे दो से सात अगस्त तक कोलंबो में होंगे. टीम की घोषणा अगले कुछ दिन में होगी. अभी यह तय नहीं है कि उपकप्तान शुभमन गिल होंगे या सूर्यकुमार यादव. वनडे सीरीज के बारे में अधिकारी ने बताया कि पंड्या ने निजी कारणों से ब्रेक मांगा है और नियमित कप्तान रोहित शर्मा को इसकी जानकारी दे दी है.
