मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क) संजय अवस्थी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में पर्यटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। संजय अवस्थी गत सांय सोलन के सपरुन में द सोलन एनएटीसी को-ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा संचालित एस.बी.पी. इंस्टीटयूट आॅफ ट्रेवल एण्ड टूरिज़म के शुभारम्भ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित थे।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर अनौपचारिक विचार-विमर्श में कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में पर्यटकों की अधिक आवाजाही स्थापित पर्यटक क्षेत्रों पर है। प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि हिमाचल प्रदेश में न केवल अनछुए पर्यटक स्थलों को विकसित किया जाए अपितु प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थानों पर आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक, साहसिक पर्यटन के साथ-साथ स्वास्थ्य पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और गंतव्य पर्यटन के विकास पर बल दिया जा रहा है।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश में पर्यटकों सहित स्थानीय नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रयास है कि हिमाचल में आरम्भिक चरण में चिन्हित स्थानों पर हैलीपोर्ट निर्मित किए जाएं ताकि आवाजाही का बेहतर साधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह प्रयास पर्यटकों को आवागमन की बेहतर सुविधा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र से जोड़ने और रोज़गार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य ‘हिमाचल प्रदेश कौशल विकास कार्यक्रम’ के अन्तर्गत सोलन ज़िला के वाकनाघाट में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से ‘‘उत्कृष्ट केन्द्र’’ की स्थापना की जा रही है।
प्रदेश में पर्यटन अधोसंरचना विकास पर बल – संजय अवस्थी
