Diarrhea wreaks havoc in Jola village: 32 people sick, pregnant woman admitted to hospital
मंडी, 23 जुलाई।
जिला मंडी में एक ओर जहां भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर रत्ती स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत जोला गांव में डायरिया फैलने से हड़कंप मच गया है। अब तक गांव के 32 लोग इस जलजनित बीमारी की चपेट में आ चुके हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत एक्शन लिया और दो मेडिकल टीमों को गांव में भेजा। ये टीमें घर-घर जाकर प्रभावित लोगों की जांच और उपचार कर रही हैं। मंडी की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. दीपाली ने बताया कि सभी मरीज स्थिर हैं और विभाग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
इस बीच, एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे जोनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
सीएमओ की अपील:
डॉ. दीपाली ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई बनाए रखने और क्लोरीन की गोलियों, ओआरएस तथा अन्य जरूरी दवाओं का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को बुखार, उल्टी या दस्त जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए अस्पताल पहुंचें।
जागरूकता अभियान भी जारी:
टीमों द्वारा गांव में साफ पानी और स्वच्छ खानपान को लेकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
