छोग टाली के विद्यार्थियों को हुआ ऐतिहासिक कौंसिल चेंबर का दीदार

छोग टाली के विद्यार्थियों को हुआ ऐतिहासिक कौंसिल चेंबर का दीदार

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोग टाली ने अपने विद्यालय के मेधावी छात्र एवम् छात्राओं को राष्ट्रीय खेलों हेतु चयनित विद्यार्थियों के लिए यूथ क्लब प्रभारी सुरेश ठाकुर एवम् इको क्लब प्रभारी अलका भलेईक के नेतृत्व में ऐतिहासिक शहर शिमला का एक दिवसीय टूर आयोजित किया गया। इस दौरान जहां एक ओर विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा संस्थान तथा हिमाचल प्रदेश विधान सभा का सम्पूर्ण अवलोकन किया। वहीं इन्होंने माननीय उच्च न्यायलय, ओक ओवर, मुख्य्मंत्री कार्यालय आदि के बाहरी दृश्य तथा ऐतिहासिक रिज मैदान, ऐतिहासिक अतिथि गृह पीटर हॉफ आदि घूमने का भी आनंद लिया।

विद्यार्थियों के साथ सांझा किए अपने विचार

विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने विधानसभा के ऐतिहासिक कौंसिल चेंबर तथा भारत की केंद्रीय धारासभा (सेंट्रल लेजिस्लेटिव असेंबली) हेतु अंग्रेजी हुकुमत के दौरान 1925 ई. में पहले भारतीय चुने हुए अध्यक्ष विट्ठल भाई पटेल की पृष्ठभूमि पर अपने अमूल्य विचार विद्यार्थियों के साथ सांझा किए। वहीँ विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने विधान सभा की कार्यवाही तथा विधायक चयन प्रक्रिया पर विद्याथियों को अवगत करवाया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को उस गरिमामय ऐतिहासिक कौंसिल चेंबर का आंतरिक भ्रमण करवाया। जहां बैठकर सरकार तथा प्रतिपक्ष हिमाचल प्रदेश के हितार्थ विभिन्न महत्त्वपूर्ण विषयों पर विधानसभा सत्र में चर्चा करते है तथा प्रदेश की जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण करते है।

वरिष्ठ प्रवक्ता भूपेंद्र चौहान, राजूराम उनियाल, दलीप शर्मा, राम लाल सूर्या तथा रामलाल ठाकुर ने बताया कि कौंसिल चेंबर का यह अवलोकन विद्यार्थियों के साथ साथ शिक्षको के लिए भी एक ऐतिहासिक अनुभव रहा। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र पुंडीर ने इस सफल आयोजन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यद्यपि इस बार समय के अभाव के कारण अनुमति के वावजूद भी विद्यार्थी राजभवन का दीदार नहीं कर पाए। तथापि विद्यालय का प्रयास होगा कि आगामी वर्षों में विद्यार्थियों के लिए राजभवन तथा मशोबरा स्थित द रिट्रीट, राष्ट्रपति निवास का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाए। ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा तथा विद्यालय प्रबंधन समित के अध्यक्ष देश राज ठाकुर ने विद्यालय प्रशासन की प्रशंशा करते हुए कहा कि जहां यह शैक्षणिक भ्रमण समूह के सदस्यों के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। वहीँ अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *