एयर इंडिया की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। आज मुंबई से तिरुवनंतपुरम जा रही फ्लाइट को ये धमकी मिलने के बाद तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पूर्ण रूप से इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हवाई अड्डे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, विमान सुबह करीब आठ बजे हवाई अड्डे पर उतरा। इसमें 135 यात्री सवार थे और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
लोगों ने बताया कि सुबह आठ बजकर 44 मिनट तक यात्रियों को विमान (AI657) से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। विमान के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे के पास पहुंचने पर पायलट ने बम की धमकी मिलने की जानकारी दी। एयरपोर्ट को सुबह साढ़े सात बजे मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद सुबह सात बजकर 36 मिनट पर हवाई अड्डे पर पूरी तरह से आपात स्थिति घोषित कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। हवाई अड्डे में परिचालन संबंधी कोई बाधा नहीं है। अभी यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि धमकी किसने और कैसे दी? मामले की जांच की जा रही है। इस बीच एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 22 अगस्त को मुंबई से तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ान भरने के दौरान एयर इंडिया की उड़ान AI657 में एक विशेष सुरक्षा अलर्ट पाया गया।
बीते दिनों गुजरात, पंजाब और असम के तीन मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी के बाद मॉल को खाली कराया गया और जांच की गई। पंजाब के मॉल में जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद उसी दिन सूरत के एक मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस, बम स्क्वाड दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गया। उसके बाद मॉल की जांच की गई।
