मंडी संसदीय क्षेत्र में हुए लोकसभा चुनाव को चुनौती देने वाली याचिका पर हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. यह मामला न्यायमूर्ति ज्योत्सना रेवाल दुआ की एकल पीठ ने सुना. याचिका दायर होने के बाद हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने कंगना रनौत से मामले में 21 अगस्त को जवाब दाखिल करने के लिए कहा था. इस मामले में सुनवाई हुई, तो कंगना रनौत के वकील ने जवाब तैयार करने के लिए तीन हफ्ते का वक्त मांगा. अब इस मामले में अगली सुनवाई तीन हफ्ते बाद होगी.
दरअसल, लायक राम नेगी ने कोर्ट में याचिका दायर कर मंडी लोकसभा सीट पर चुनाव रद करने की मांग की है। लायक राम ने भी मंडी लोकसभा सीट से नामांकन पत्र भरा था। याचिकाकर्ता के अनुसार, उनके नामांकन पत्र को गलत ढंग से अस्वीकार किया गया।
लायक राम ने इस मामले में रिटर्निंग ऑफिसर (RO) एवं डीसी मंडी को भी प्रतिवादी बनाया है। उन्होंने मंडी सीट पर दोबारा चुनाव की मांग की है। प्रदेश उच्च न्यायालय में वादी पक्ष लायक राम नेगी की ओर से अधिवक्ता संजीव कुमार पेश हुए, जबकि प्रतिवादी पक्ष कंगना रनौत की ओर से अंशुल बंसल और वरिष्ठ अधिवक्ता अंकुश दास के साथ अर्जुन लाल और आकाश ठाकुर पेश हुए.
सुनवाई के दौरान वादी पक्ष ने भी रिप्लाई के साथ पावर ऑफ अटॉर्नी दायर करने के लिए तीन हफ्ते का वक्त मांगा. मामले में अगली सुनवाई अब सितंबर महीने में होगी. 15 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जानी थी। प्रार्थी के अनुसार, 15 मई को उसने विभिन्न विभागों द्वारा जारी बिजली, पानी और टेलीफोन के नो ड्यूज सर्टिफिकेट RO को सौंप दिए।
