दिल्ली में सोमवार को होने जा रही कांग्रेस की छंटनी से पूर्व ही कई सीटों पर टिकट के हालात बिलकुल साफ हो गए हैं। इन सीटों पर कोई भी विवाद फिलहाल नहीं है और सीधे फैसला लिया जा सकता है। इनमें ज्यादातर वेे हलके हैं, जिनमें कांग्रेस के विधायक हैं। इनमें मुख्य रूप से बात करें तो श्री नयनादेवी जी से रामलाल ठाकुर, डलहौजी से विधायक आशा कुमारी, घुमारवीं से राजेश धर्माणी, नादौन से प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, हरोली से नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, ऊना से सतपाल रायजादा, शिलाई से हर्षवर्धन चौहान, सोलन से कर्नल धनीराम शांडिल, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, पालमपुर से अशीष बुटेल, बड़सर, इंद्रदत्त लखनपाल, श्रीरेणुकाजी से विनय कुमार, कुसुम्पटी अनिरुद्ध सिंह, रामपुर नंद लाल और रोहड़ू से मोहन लाल ब्राक्टा के विधानसभा क्षेत्रों में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना फिलहाल नहीं है। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सोमवार को बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
इसमें मौजूदा विधायकों के टिकट न काटने की बात पर सहमति जताने की संभावना है। यह फैसला लिया जाता है, तो इन सभी सीटों पर कांग्रेस किसी भी अन्य आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा और न ही इन आवेदनों को केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष भेजा जाएगा। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक सोमवार को दिल्ली में होने वाली है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस के तमाम बड़े नेता दिल्ली का रुख कर चुके हैं।
विधायकों की टिकट पक्की, 20 सीटों ने बढ़ाई टेंशन, दिल्ली में आज होगी आवेदनों की छंटनी
