हिमाचल के पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने अचानक विधानसभा चुनाव न लड़ने का ऐलान कर भाजपा आलाकमान को जोर का झटका दे दिया है। इस झटके से उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्त्ता भी उभर नहीं पा रहे हैं। टिकटों की पहली सूची आते ही गुटबाजी गई है। दर्जनभर से ज्यादा सीटों पर बगावत की स्थिति बन गई है। रही-सही कसर अनुराग ठाकुर का भावी CM फेस को लेकर दिया गया बयान पूरी करता नजर आ रहा है।
इस पूरे बवाल के बीच हर कोई जानना चाहता है कि 3-4 महीने से सुजानपुर विधानसभा सीट पर काफी सक्रियता दिखा रहे धूमल ने दिल्ली में हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव कमेटी (CEC) की मीटिंग में अचानक चुनाव न लड़ने का फैसला से पार्टी कार्यकर्त्ता हैरान हैं।
सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की मीटिंग धूमल जयराम के बगल में बैठे थे
BJP हाईकमान की ओर से हाल में गठित की गई सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (CEC) की मीटिंग के दौरान धूमल सीएम जयराम के बगल में बैठे थे। वहीं उनके सामने केंद्रीय मंत्री व उनके बेटे अनुराग ठाकुर थे। इसी दौरान प्रेमकुमार धूमल ने कहा, ‘मैं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं और इसे लेकर मेरी PM नरेंद्र मोदी से बात हो गई है। मैं इस बारे में 15 दिन पहले ही उन्हें चिट्टी भी भेज चुका हूं।’
नेताओं के चेहरे पर हैरानगी के भाव
धूमल ने जैसे ही चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया, मीटिंग में मौजूद हर नेता अवाक रह गया। सब हैरानगी से उनकी ओर देखने लगे। धूमल के एक तरफ बैठे CM जयराम ठाकुर, दूसरी तरफ बैठे अविनाश राय खन्ना और उनके ठीक सामने बैठे अनुराग ठाकुर समेत तमाम नेताओं के चेहरे पर एक भाव आ रहा था तो दूसरा भाव जा रहा था।
सबको हैरान देख धूमल बोले- उम्र हो गई
मीटिंग में मौजूद नेताओं की मानसिक स्थिति को भांपते हुए धूमल ने अपनी बात आगे बढ़ाई और कहा कि उनकी उम्र 75 साल हो चुकी है और अब उनकी चुनाव लड़ने की कोई इच्छा नहीं है।
सौदान सिंह बोले- आपकी जगह कोई नाम नहीं भेजेंगे
धूमल की बात खत्म होने के बाद माइक एक बार फिर सौदान सिंह ने संभाला और कहा, ‘आपके इस फैसले पर हम कुछ नहीं कह सकते। हम आपकी जगह किसी का नाम नहीं भेजेंगे। इस पर बड़े नेता ही फैसला लेंगे।’
