राहुल चावला , धर्मशाला
वर्ष 2023 के स्वागत के लिए पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज तैयार हो चुकी है। जहां होटलियर्स ने पर्यटकों के स्वागत का निर्णय लिया है। कोरोना के बाद इस बार पर्यटकों की खासी भीड़ नववर्ष के स्वागत के लिए उमड़ना शुरू हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मैक्लोडगंज में दो रिजर्व तैनात कर दी गई हैं। पूर्व के वर्षों में न्यू ईयर के दौरान हुड़दंग की घटनाओं को देखते हुए पहले से क्यूआरटी की व्यवस्था की गई है। इस दौरान पुलिस भी लगातार पेट्रोलिंग करती रहेगी।
मैक्लोडगंज थाना प्रभारी रिंकू सूर्यवंशी ने बताया कि हर वर्ष नववर्ष पर काफी संख्या में पर्यटक आते हैं। वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, इसको लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला पुलिस मुख्यालय से पुलिस की दो रिजर्व मिल चुकी हैं। जरूरत पड़ने पर जिला पुलिस या बटालियन से और जवान बुला लिए जाएंगे।
एसएचओ ने बताया कि नववर्ष पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए मैक्लोडगंज एरिया में वनवे व्यवस्था बनाने का प्रयास किया गया है। हुड़दंग मचाने वालों पर नकेल कसने के लिए क्यूआरटी भी रहेगी। कानून व्यवस्था के लिए नड्डी, डल लेक, भागसुनाग, मैकलोडगंज मुख्य चौक पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। पुलिस की टीम गश्त भी करती रहेगी।
राजस्थान से आए राजेंद्र शेखावत ने कहा कि यहां का मौसम शानदार है। ट्रैफिक जाम की समस्या है, बाकी सब बढ़िया है। उम्मीद है यहां आए हैं तो बर्फ भी देखने को मिलेगी।
महिला पर्यटक पवनदीप ने कहा कि व्हाइट न्यू ईयर की उम्मीद से मैक्लोडगंज पहुंचे थे, जो पूरी हो गई। ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान हूँ। यहां तक कि रोड क्रॉस करना भी मुश्किल हो गया है।
महिला पर्यटक श्रेष्ठा का कहना है कि न्यू ईयर मनाने परिवार सहित यहां आए हैं। मौसम बहुत अमेजिंग है, ट्रैफिक बहुत ज्यादा है।
पुणे से आए अजय देशमुख ने कहा कि हर वर्ष क्रिसमस और न्यू ईयर पर बाहर घूमते हैं। पहले आईपीएल के समय यहां आ चुके हैं, धर्मशाला यूं मानो जन्नत है। मौसम बढ़िया है, हम नया साल यहीं मनाएंगे। ट्रैफिक है,लेकिन यह पर्यटन का ही हिस्सा है।
मुंबई से आए चंद्रकांत केदारी का कहना है कि लोग न जाने क्यों घूमने यूरोप जाते हैं, धर्मशाला का मौसम बहुत अच्छा है। मुंबई में ऐसा मौसम कभी नहीं मिलता। हम परिवार सहित साप्ताहिक कार्यक्रम बनाकर आए हैं।
मैक्लोडगंज के पर्यटन उद्यमी कपिल देव का कहना है कि कोविड के बाद नया साल मनाने काफी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं। मैक्लोडगंज के होटल 2 से 3 जनवरी तक पैक ही हैं, 25 दिसंबर के बाद मैक्लोडगंज में पर्यटन कारोबार ठीक चल रहा है।
