https://www.facebook.com/nationspeaksabbolegahindustan/videos/919398659231968
22 मार्च से 30 मार्च तक माता चिंतपूर्णी के दरबार में शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी के चलते वीरवार को माता चिंतपूर्णी क्षेत्र के माई दास भवन में मंदिर न्यास की अहम बैठक का आयोजन किया गया | जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुजारी वर्ग की बारीदार सभा के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी राघव शर्मा ने बताया कि माता के नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 24 घंटे मंदिर के कपाट खुले रखने का फैसला लिया गया है। डीसी राघव शर्मा ने कहा कि बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मेला ड्यूटी तय की गई है और सभी विभागों को 20 मार्च तक हर व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि उसके बाद वह मेला शुरू होने से ठीक पहले अपनी तैयारियों के संबंध में रिपोर्ट प्रशासन को सौंप सकें। उन्होंने कहा कि माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसे पुख्ता बनाया जा रहा है। जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की पार्किंग के लिए भरवाई में एक बड़ी पार्किंग तैयार की गई है जिसमें बड़े वाहन खड़े किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त चिंतपूर्णी में ही माई दास भवन की पार्किंग के साथ-साथ हिमाचल पथ परिवहन निगम के बस स्टैंड को भी पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा, केवल मात्र मेले के दौरान ही नहीं अपितु मेले के बाद भी क्षेत्र को साफ सुथरा रखने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए। डीसी राघव शर्मा ने बताया कि लंगर को लेकर विशेष व्यवस्था के तहत काम किया गया है जिसके चलते कोई भी दो संस्थाएं आमने-सामने लंगर नहीं लगा सकेंगी। मेले के दौरान यातायात को सुचारू रूप से चलाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया।
