जल जीवन सर्वेक्षण में हमीरपुर जिला रहा अव्वल

जिला हमीरपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। राष्ट्रीय स्तर पर आरंभ किए गए जल जीवन सर्वेक्षण में जिला हमीरपुर ने जनवरी-2023 के मासिक सर्वेक्षण में प्रथम स्थान हासिल किया है।
उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर 21 अक्तूबर 2022 को उपराष्ट्रपति द्वारा जल जीवन सर्वेक्षण लांच किया गया था। इस सर्वेक्षण के अंतर्गत देश भर के जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में सभी घरों और सार्वजनिक संस्थानों में पेयजल की उपलब्धता तथा इससे संबंधित सभी मानकों का हर माह आकलन किया जाता है।
उपायुक्त ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने इस सर्वेक्षण के जनवरी-2023 के आंकड़े जारी किए हैं और इनमें जिला हमीरपुर ने ‘बेस्ट परफॉर्मिंग एसपिरेंट्स’ की श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया है। उपायुक्त ने इस उपलब्धि के लिए सभी जिलावासियों और विशेषकर जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने ग्रामीण विकास, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भी बधाई दी।
उपायुक्त ने बताया कि जल जीवन सर्वेक्षण के अंतर्गत हर माह सभी प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों के जिलों का आंकलन किया जा रहा है। इसमें सराहनीय प्रदर्शन करने वाले जिलों को वार्षिक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। देबश्वेता बनिक ने सभी जिलावासियों, जल शक्ति विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल जीवन सर्वेक्षण में जिला को अव्वल स्थान पर कायम रखने के लिए अपना सक्रिय सहयोग जारी रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *