प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला के जाखू स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर इसके सुधारीकरण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर और दोनों बेटियां भी उनके साथ थीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, विधायक रोहित ठाकुर, जगत सिंह नेगी, राजेश धर्माणी, सुंदर सिंह ठाकुर, रवि ठाकुर व केवल सिंह पठानिया, उपायुक्त आदित्य नेगी, पुलिस अधीक्षक मोनिका और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू बेहद साधारण परिवार से संबंध रखते हैं
हिमाचल प्रदेश के सातवें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बेहद साधारण परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता एचआरटीसी ड्राइवर थे और माता गृहिणी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी जवानी में गुजर-बसर के लिए दूध और अखबार भी बेचा है। छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू आज हिमाचल प्रदेश की राजनीति के शीर्ष पर हैं।
