हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बीते कुछ दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है और नदियां उफान पर है। मनाली के सोलंग नाला के साथ लगते सेरी नाला में बादल फट जाने से व्यास नदी में बाढ़ आ गई। बाढ़ के वजह से पलचान व मनाली के बीच नदी किनारे बने कुछ खोखो व रेस्त्रा को नुकसान हुआ है। वही बादल फटने के बाद व्यास नदी में पानी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। जिसके चलते जिला प्रशासन ने भुंतर तक हाई अलर्ट कर दिया है।
मनाली के साथ लगते चढ़ियारी में कई रेस्तरां और निर्माणाधीन इमारते बाढ़ की चपेट में आ गए । गनीमत रही कि रेस्तरां में कोई भी नहीं था जिसके चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। सोलंग के ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले ही अस्थायी पुल बनाया था वह फिर से बाढ़ में बह गया।
वहीं सोलंगनाला, अंजनी महादेव व रोहतांग की ओर से आ रही सहायक नदियों में बाढ़ आने से पानी का स्तर बढ़ गया। पलचान पंचायत प्रधान ने मनाली प्रशासन को पानी का स्तर बढ़ने की जानकारी दी। एसडीएम मनाली ने सोलंगनाला से रायसन तक के पंचयात प्रधानों को सूचित कर अलर्ट किया। NDRF की टीम ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सायरन बजाकर सतर्क किया।फिलहाल बाढ़ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन पलचान व बुरुआ पंचायत के लोग दहशत में है।
इसके अलावा लाहौल स्पीति के तेलिंग नाला में भी मलबा के चलते मनाली लेह सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई है। कुल्लू प्रशासन और मौसम विभाग के द्वारा जिला कुल्लू में मौसम खराब बताया और अलर्ट जारी किया गया है।
डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि सेरी नाला में बाढ़ आने की सूचना मिली है। जिसके चलते सोलंग गांव की और जाने वाला अस्थाई पुल एक बार फिर से इसकी चपेट में आ गया है। वही नदी किनारे बने कुछ खो खो में भी पानी घुसने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन की टीम को भी मौके की ओर रवाना कर दिया गया है।
