बिना होटल बुकिंग के शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने किया खास इंतजाम

नीरज डोगरा / शिमला

क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए शिमला आने वाले पर्यटकों की सहूलियत के लिए स्थानीय प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। बिना होटल बुकिंग के शिमला पहुंचने वाले सैलानियों के निजी वाहनों को टूटीकंडी बाईपास के पास ही रोक दिया जाएगा तथा उन्हें वहां से शटल सेवा के माध्यम से सीटीओ चौक तक पहुंचाया जाएगा। 


उपायुक्त आदित्य नेगी ने  कहा कि एचआरटीसी को शटल सेवा की तैयारियों करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि उनके बेड़े में मौजूद टैम्पू ट्रैवलर तथा ईनोवा गाड़ियों को टूटीकंडी से सीटीओ तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की जाएगी। साथ ही पर्यटकों को वापिस टूटीकंडी पहुंचाने के लिए भी सीटीओ से ही शटल सेवा उपलब्ध रहेगी, जो रात्रि 11.30 बजे तक उपलब्ध होगी। 
 
 उपायुक्त आदित्य नेगी ने कहा कि इन दोनों त्यौहारों पर काफी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की रानी शिमला घूमने के लिए आते हैं। इससे कई बार शहर में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए एचआरटीसी शटल सेवा शुरु करेगी। साथ ही उन्होंने  कहा कि अत्यधिक पर्यटकों के आने की स्थिति में पर्यटक वाहनों को टूटीकंडी से मल्याणा की ओर मोड़ा जाएगा। आवश्यकता हुई तो कुफरी तथा नालदेहरा जाने वाले पर्यटकों को शोघी-ढली बाईपास रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। 
 
शोघी पुलिस पोस्ट पर तैनात जवान पर्यटकों को जाम की स्थिति से बचाने के लिए उन्हें गाइड करेंगे। टूरिस्ट बसों और भारी वाहनों को शहर के अन्दर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि कोविड नियमों का पालन करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *