नेशनल हाइवे 154 मंडी-पठानकोट जगह-जगह पर हुई स्लाइडिंग से दो दिनों से बन्द है। जिस कारण आने जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है । दरअसल जगह जगह गिरे मलबे से गाड़ियों का आना जाना बंद हो गया है। वहीँ एनएचएआई ने सड़क को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। नेशनल हाइवे के किनारे नारला के पास बिजली के पोल पर गिरे पेड़ से बिजली बाधित हो गयी है। वहीँ बीते रोज हुई बारिश से स्लाइडिंग होने से बिजली का पोल गिर गया था। जिस कारण लोगों को तीन दिन अंधेरे में रहना पड़ा था और बिजली विभाग के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी ।
आपको बता दें कि चार दिन पहले ही विभागीय कर्मचारियों ने पोल को खड़ा किया था। लेकिन बीती रात हुई बारिश से दोबारा सड़क के किनारे चीड़ के पेड़ स्लाइडिंग होने से बिजली के पोल पर गिर गए। जिस कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। विभागीय टीम बिजली आपूर्ति को बहाल करने में जुट गई है। वहीँ वन विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर सड़क के किनारे पेड़ो को भी कटवाया गया। ताकि दोबारा कोई नुकसान न हो।
नेशनल हाइवे को खोलने के लिए सिर्फ एक मशीन मैगल के पास कार्य कर रही है। जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । अगर ऐसी ही स्थिति बनी रही तो दो दिन तक गाड़ियों की आवाजाही अभी भी बन्द रह सकती।
