जयराम ठाकुर की मुख्यसचिव पर सफाई, कोई हमेशा के लिए नहीं रहता

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, पौंग बांध
हिमाचल प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए दृढ़ प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में रोज़गार और स्वरोज़गार के अधिक अवसर प्राप्त हो सकें. यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं के कौशल विकास और सुधार के लिए हर सम्भव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी आजीविका अर्जित कर सकें. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार शाम हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल को लेकर भी बयान दिया. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोई भी हमेशा के लिए किसी पद पर नहीं रहता. इससे किसी को भी कोई समस्या नहीं होनी चाहिए. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मौजूदा सरकार में जितने भी CS रहे उनके साथ काम करने का अनुभव अच्छा रहा. उन्हें किसी से भी कोई नाराजगी नहीं है. प्रशासनिक फेरबदल समय-समय पर किया जाता है, इसमें कोई खास बात नहीं है.
बता दें कि वीरवार को ही हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राम सुभाग सिंह ने मुख्य सचिव का पद छोड़ दिया था .इसके बाद देर रात हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से आरडी धीमान को मुख्य सचिव पद पर नियुक्त किया गया. आरडी से तीन वरिष्ठ अफसरों को प्रदेश सरकार की ओर से प्रधान सलाहकार के पद पर नियुक्त किया गया है. आरडी धीमान दिसंबर 2022 में अपने पद से सेवानिवृत्त होंगे |मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बागवानों के मुद्दे को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानों को राहत देने का काम कर रही है. सरकार बागवानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि जीएसटी में जो बढ़ोतरी हुई है, उससे भी बागवानों को राहत दी गई है. सरकार एचपीएमसी की तरफ से 6 फ़ीसदी जीएसटी का वहन करेगी. उन्होंने कहा कि बागवानों को जो भी समस्याएं आ रही हैं, सरकार उन्हें सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *