जिला कांगड़ा के बनखंडी में बनने जा रहे वर्ल्ड क्लॉस जू के लिए सेंट्रल जू अथॉरिटी (सीजेडए) की तकनीकी कमेटी मानसून के बाद दौरा कर सकती है। जू निर्माण के लिए जो अलग-अलग कम्पोनेंट बनने हैं, उन्हें सीजैडए की तकनीकी कमेटी की ओर से स्वीकृति प्रदान की जाएगी। विभिन्न कम्पोनेंट में जो काम जू निर्माण हेतू किए जाने हैं, उसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की जाएगी। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि वर्तमान सरकार ने जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने का ऐलान किया है, इसी कड़ी में बनखंडी में वर्ल्ड क्लॉस जू निर्माण किया जा रहा है। जिसके लिए हाल ही में सेंट्रल जू अथॉरिटी ने बनखंडी में बनने वाले जू को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
प्रथम चरण में बाउंड्री वॉल, वाटर हारवेस्टिंग स्ट्रक्चर का काम
बनखंडी में बनने वाले वर्ल्ड क्लॉस जू के प्रथम चरण में बाउंड्री वॉल और वाटर हारवेस्टिंग स्ट्रक्चर का काम किया जाएगा। इसके लिए सीजैडए की तकनीकी कमेटी बनखंडी का दौरा होगा, जो कि मानसून के बाद करवाया जाएगा। इसको लेकर पर्यटन विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। बनखण्डी में वर्ल्ड क्लॉस जू के लिए चिडिय़ाघर प्राधिकरण (सीजैडए) से पूर्व स्वीकृति प्राप्त हो गई है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिगत बड़े चिडिय़ाघर की स्थापना एक महत्त्वपूर्ण कदम साबित होगा। यह प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है।
पर्यटकों को वन्य जीवों से जोड़ेगा जू
वर्ल्ड क्लॉस जू में प्रदेश और अन्य क्षेत्रों के मूल वन्य जीवों को रखा जाएगा। यह चिडिय़ाघर पर्यटकों के लिए वन्य जीवों से जुडऩे, उनके प्राकृतिक व्यवहार और पारिस्थितिक महत्व की समझ विकसित करने के केन्द्र के रूप में कार्य करेगा। यह चिडिय़ाघर वन्य जीव संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करेगा।
