क्या 10 रूपये सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल ?

पिछले एक साल में कच्चे तेल के दाम में गिरवाट आई है और यह गिरावट 1 या 2 प्रतिशत नहीं पूरी 15 प्रतिशत आई है। यही नहीं, 10 जुलाई को तो कच्चा तेल 35% तक सस्ता हो गया था, जिस वजह से पेट्रोल-डीजल के दाम 10 रुपए लीटर तक घटाए जा सकते हैं। अभी अगर बात करें तो देश के ज्यादातर हिस्से में पेट्रोल 100 रुपए और डीजल 90 रुपए प्रति लीटर से ऊपर है।

इस बीच पेट्रोलियम की रिटेल बिजनेस करने वाली तीन सरकारी कंपनियां इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (HPCL) को मुनाफा करीब 3 गुना हो गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि ये कंपनियां अभी प्रति लीटर करीब 10 रुपए की कमाई कर रही हैं। इस लिहाज से देखें तो उनके पास पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने की काफी गुंजाइश है और ऐसा करने पर अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।

अब आपको बताते है कि आखिर भारत में कैसे तय होती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें?
पहले सरकार पेट्रोल की कीमत तय करती थी। जून 2010 तक सरकार हर 15 दिन में इसकी कीमतों में बदलाव करती थी। लेकिन 26 जून 2010 के बाद सरकार ने पेट्रोल की कीमतों का निर्धारण ऑयल कंपनियों के ऊपर छोड़ दिया। इसी तरह अक्टूबर 2014 तक डीजल की कीमत भी सरकार निर्धारित करती थी। लेकिन 19 अक्टूबर 2014 से सरकार ने ये काम भी ऑयल कंपनियों को सौंप दिया।

यह सभी ऑयल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमत, एक्सचेंज रेट, टैक्स, पेट्रोल-डीजल के ट्रांसपोर्टेशन का खर्च और बाकी कई चीजों को ध्यान में रखते हुए हर दिन पेट्रोल-डीजल की कीमत निर्धारित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *