देश में दो तरह की भाजपा, देश में असली, प्रदेश में नकली : जवाहर ठाकुर

Two types of BJP in the country

भाजपा के बड़बोले पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने पहले भाजपा को प्राईवेट लिमिटेड पार्टी बताया और अब यह कह दिया है कि देश में दो तरह की भाजपा है। देश में असली भाजपा काम कर रही है तो प्रदेश में नकली भाजपा। यह बात उन्होंने आज मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

बता दें कि द्रंग से भाजपा के पूर्व विधायक इस बार विधानसभा चुनावों में टिकट न मिलने के कारण काफी खफा हैं। चुनावों के छः महीनों बाद जवाहर ठाकुर मीडिया के समक्ष आए थे और भाजपा को प्राईवेट लिमिटेड कंपनी बताया था। उस बयान के बाद जवाहर ठाकुर को भाजपा ने नोटिस जारी किया था। उसके बाद अब जवाहर ठाकुर फिर मीडिया में आए और कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए काम करेंगे। देश में जो अभियान आज से चलने जा रहा है, उसमें वो द्रंग विधानसभा क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हुए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

जवाहर ठाकुर ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि पार्टी ने उन्हें मीडिया के माध्यम से नोटिस दिया जोकि उचित नहीं था। उन्होंने उस नोटिस का जबाव दे दिया है लेकिन जबाव में क्या लिखा है उसका वे अभी मीडिया में खुलासा नहीं करेंगे। आने वाले समय में यदि उचित लगा तो पार्टी को दिए गए जबाव को सार्वजनिक किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा द्रंग विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को गिनाया और कहा कि वे इन्हें जन-जन तक पहुंचाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *