आम बजट पेश होने के बाद शेयर बाजार संभल नहीं पाया है। बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को आम बजट पेश किया था . इक्विटी पर शार्ट टर्म कैपिटल और लॉन्ग टर्म कैपिटल टैक्स बढ़ाये जाने के सदमे से बाजार अभी तक उबर नहीं सका है. बजट के अगले दिन के कारोबारी सत्र में भी जोरदार बिकवाली देखने को मिली है.
बैंकिंग और एफएमसीजी सेक्टर स्टॉक्स के नेतृत्व में ये बिकवाली रही. हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में भारी खरीदारी देखने को मिली है. आज का कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स 280 अंकों की गिरावट के साथ 80,149 अंकों पर क्लोज हुआ है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 65 अंकों की गिरावट के साथ 24,413 अंकों पर क्लोज हुआ है.
आज के कारोबारी सत्र में आईटी, फार्मा, मीडिया, एनर्जी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, हेल्थकेयर, ऑयल एंड गैस, रियल एस्टेट और ऑटो स्टॉक्स तेजी के साथ बंद हुए. जबकि बैंकिंग, एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली है. मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में खरीदारी के चलते निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 587 अंकों के उछाल के साथ 56,872 अंकों पर क्लोज हुआ है जबकि निफ्टी का स्मॉलकैप इंडेक्स 323 अंकों के उछाल के साथ बंद हुआ है. सेंसेक्स के 30 शेयरों में 12 शेयर तेजी के साथ और 18 गिरकर बंद हुए.
