पश्चिम बंगाल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और फिर हत्या पर अब सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक भारत के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई में जस्टिस जेबी परादीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ मंगलवार को इस मामले की सुनवाई करेगी.
कलकत्ता हाई कोर्ट ने पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर सबीआई को मामले की जांच अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया था. कोर्ट ने मृताक के माता-पिता की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया था.
कोलकाता पुलिस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल के पास रविवार 18 अगस्त से 24 अगस्त तक निषेधाज्ञा लागू की है, जिसके तहत पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने और सभा करने पर प्रतिबंध होगा. आदेश में कहा गया है कि कोलकाता पुलिस ने अस्पताल के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163(2) लागू कर दी है.
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर शनिवार को एक बैठक हुई, जिसमें सीएम ममता बनर्जी भी वर्चुअली शामिल हुईं। इस बैठक में ही सरकारी संस्थानों में महिला सुरक्षा के लिए दिशा निर्देश तय किए गए। मुख्यमंत्री के सलाहकार अलापन बंदोपाध्याय ने बताया कि जल्द ही इस संबंध में आदेश जारी कर दिया जाएगा और जल्द ही उन्हें लागू कर दिया जाएगा।
