देशभर से पर्यटक पहाड़ों पर बर्फबारी के इंतजार में पहुंच रहे हैं। इनका इंतजार नए साल पर पूरा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर की रात से WD सक्रिय होगा और 30 दिसंबर से एक जनवरी तक अधिक ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 30 और 31 दिसंबर को इक्का-दुक्का स्थानों पर ही बर्फबारी हो सकती है। मगर एक जनवरी को चंबा, लाहौल स्पीति, किन्नौर, शिमला, कुल्लू और मंडी की ऊपरी पहाड़ियों पर बर्फबारी का पूर्वानुमान है। उन्होंने बताया कि अभी बहुत ज्यादा बर्फबारी की संभावना नहीं है। सुरेंद्र पाल ने बताया कि नए साल में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए सरकार को बोला जाएगा कि पर्यटकों को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में न जाने दें, क्योंकि बर्फबारी के कारण सड़कें फिसलन वाली हो जाती हैं। इससे टूरिस्टों के फंसने की संभावना बढ़ जाती है।
अभी इन स्थानों पर देख सकते हैं बर्फ
पर्यटक बड़ी संख्या में बर्फ देखने की आस में पहाड़ों पर आ रहे हैं, लेकिन अभी केवल लाहौल स्पीति के सिस्सू, कोकसर और रोहतांग टनल में ही बर्फ देखने को मिल रही है। मनाली, शिमला, नारकंडा, खड़ापत्थर, शिकारी माता आदि पर्यटन स्थलों पर बर्फ के लिए अभी इंतजार करना होगा।
पहाड़ों से ज्यादा मैदानी इलाकों में ठंड
वहीं शिमला, कुफरी, नारकंडा, धर्मशाला आदि पर्यटन स्थलों पर दिसंबर के आखिरी सप्ताह में कड़ाके की सर्दी पड़ती थी और तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहता था, लेकिन इस बार इन शहरों का पारा नॉर्मल से ज्यादा चल रहा है। खासकर दिन में जब धूप खितली है तो सर्दी जैसा मौसम ही नहीं लगता। पहाड़ों से ज्यादा ठंड प्रदेश के मैदानी इलाकों में पड़ रही है। शिमला का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और कुफरी का 6.9 डिग्री सेल्सियस है, वहीं प्रदेश के सबसे गर्म शहर ऊना का तापमान 4 डिग्री, सुंदरनगर 1.3 डिग्री, मंडी 1.5 डिग्री और सोलन 3 डिग्री तक न्यूनतम पारा गिर गया है।
