हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों पर आज से माता जी के श्रावण अष्टमी मेले शुरू हो चुके है। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में आज झंडा चढ़ाने की रस्म और सुबह की आरती के साथ माताजी के श्रावण अष्टमी मेला बड़ी धूम-धाम के साथ शुरू हो गया। 17 अगस्त से शुरू हुआ यह मेला 10 दिन तक चलेगा जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता जी के दर्शनों के लिए पहुंचेंगे और अपने घर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना करेंगे। पंजाब हिमाचल हरियाणा दिल्ली उत्तर प्रदेश बिहार और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु माताजी के दर्शनों के लिए पहुंचे और माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
माँ के मंदिर की सजावट इस बार भी पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं ने बखूबी की है और मंदिर पंजाब के कारीगरों के द्वारा बहुत ही बढ़िया तरीके से सजाया गया है। दूर-दूर तक मंदिर की सजावट का प्राकृतिक नजारा देखते ही बनता है। मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पुलिस और प्रशासन ने हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार तैयारी पूरी कर ली है और चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा है और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु श्री नैना देवी क्षेत्र में लगभग 60 के करीब लंगर लगाए गए हैं। जहां पर श्रद्धालुओं को सुबह का नाश्ता दोपहर का भोजन और रात्रि भोजन की व्यवस्था की गई है
मेला पुलिस अधिकारी शिव चौधरी का कहना है कि माता के दरबार में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात कर दिया गया है और श्रद्धालुओं को माता के दर्शन लाइनों में ही करवाए जाएंगे उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और क्ययू आर टी की टीमें अलग से तैनात की गई है।
