राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार आज प्रदेशव्यापी मॉक एक्सरसाइज का आयोजन हमीरपुर जिला के पांचो उपमंडलों में आयोजित किया गया । जिसमें रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हमीरपुर की टीम के अलावा सभी विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया |
उपायुक्त एवं DDMA के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित ढंग से अंजाम देने के लिए दोसडक़ा के पुलिस ग्राउंड में मुख्य स्टेजिंग एरिया बनाया गया । मॉक एक्सरसाइज के लिए निर्धारित की गई परिस्थितियों के अनुसार इस स्टेजिंग एरिया में सभी आवश्यक संसाधन जुटाए गए तथा बचाव दलों एवं मशीनरी को प्रभावित क्षेत्रों पर रेस्क्यू ऑपरेशन किया । इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी स्टेजिंग एरिया बनाए गए । उपायुक्त ने बताया कि इन संस्थानों पर बाढ़ में या भूस्खलन के मलबे में फंसे लोगों के लिए रेस्क्यू आपरेशन चलाए गए | उपायुक्त ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के संबंध में सभी विभागों को पहले ही दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
बता दे कि मॉक एक्सरसाइज में मुख्यत: बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों के अभ्यास पर जोर दिया गया इस दौरान जिला के सुजानपुर उपमंडल में पलाही के आस-पास, नादौन उपमंडल में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के आस-पास, भोरंज उपमंडल के भरेड़ी, हमीरपुर उपमंडल के टौणीदेवी एवं मेडिकल कालेज अस्पताल परिसर और बड़सर उपमंडल के दियोटसिद्ध के पास मॉक एक्सरसाइज करवाई गई । इस दौरान जिला मुख्यालय पर उपायुक्त कार्यालय में आपदा प्रबंधन का जायजा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी लिया जा रहा था और इसकी जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को दी जा रही थी ।
