हिमाचल पथ परिवहन निगम केलांग डिपो ने आज यानि गुरुवार से देश के सबसे लंबे और ऊंचाई वाली रूट लेह-दिल्ली के बीच बस सर्विस शुरू कर दी है । गौर रहे कि पिछले वर्ष 15 जून को दिल्ली-मनाली-सरचू-लेह के लिए बस सेवा शुरू हुई थी। इस बार समय से पहले लेह बस सेवा शुरु हुई है। इससे निगम के नाम एक नया रिकॉर्ड भी बना। लेह से दिल्ली 1,026 किलोमीटर का सफर यात्री मात्र 1,736 रुपये में कर सकेंगे। 30 घंटे की अवधि वाले इस रूट पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व लेह लद्दाख घूमने का अवसर मिलता है। इस रूट में तीन चालक और दो परिचालक सेवाएं देते है।
इस बार देश-विदेश के पर्यटक जून के शुरुआती दिनों में ही लेह-दिल्ली के बीच बस के रोमांचक सफर का आनंद लेंगे। HRTC केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंचित शर्मा ने बताया कि 30 घंटों के सफर में दर्रों का आनंद भी यात्री ले सकेंगे | वहीं मनाली-लेह सड़क पर यात्री 16,500 फीट ऊंचे बारालाचा, 15,547 फीट नाकिला, 17,480 फीट तंगलांगला और 16, 616 फीट ऊंचे लाचुंग दर्रे के खुबसूरत नजारों से रूबरू होंगे। बता दे कि पिछले वर्ष इस रूट पर सितंबर में बस सेवा बंद हो गई थी।
