Rain havoc in Himachal: Heavy damage in Kullu, Mandi and Shimla, schools and colleges closed
शिमला/कुल्लू/मंडी। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। बीती रात हुई तेज बारिश से कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
कुल्लू की लग वैली में देर रात करीब 1 बजे बादल फटने की घटना हुई, जिसमें तेज बहाव तीन दुकानों को अपने साथ बहा ले गया। वहीं सरवरी नदी उफान पर आ गई और पानी बाजारों तक घुस आया। भारी बारिश से भूतनाथ पुल के पास सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जबकि कुल्लू के कणोंन क्षेत्र में पुल बह जाने की खबर है। इसके अलावा हनुमान बाग को जोड़ने वाला पैदल पुल भी खतरे में है और कभी भी गिर सकता है।
मंडी की चौहार घाटी में भारी नुकसान
स्थिति को देखते हुए डीसी तोरुल एस. रवीश ने कुल्लू और बंजार सब-डिवीजन के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। मंडी के पधर क्षेत्र में भी भारी बारिश के चलते सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की गई। मंडी की चौहार घाटी में दो मछली फार्म को भी भारी नुकसान हुआ है।
राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया
शिमला में भी बारिश ने तबाही मचाई। रामचंद्रा चौक के पास भारी भूस्खलन में तीन सरकारी आवास प्रभावित हुए। प्रशासन ने रात में ही करीब 35 से 40 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया। सुबह नेता प्रतिपक्ष भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। उधर, छोटा शिमला के रिजेंसी होटल के पास देवदार का एक बड़ा पेड़ एक मकान की छत पर गिर गया। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।
